Loading...

सरकाघाट की रश्मि शर्मा बनी डीएसपी, इस जिला में देगी सेवाएं….

PARUL • 29 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में सरकाघाट उपमंडल के गांव नबाही की रश्मि शर्मा हिमाचल पुलिस विभाग में डीएसपी पद पर चयनित हुई है। रश्मि शर्मा ने डीएसपी के तौर पर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह में डेढ़ साल का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। वहीं रश्मि शर्मा को इंडोर बेस्ट खिताब से सम्मानित भी किया।

बता दें कि डीएसपी पद के लिए चयनित होने से पहले रश्मि एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी और पहले ही प्रयास में उन्होंने यह सफलता पाई है। रश्मि की नियुक्ति मंडी में हुई है। अभी 6 महीने तक उसे जिला में बतौर प्रोवेश्नर अपनी सेवाएं देनी होंगी। रश्मि के पिता देव राज भारद्वाज भारतीय स्टेट बैंक से अधिकारी के तौर पर सेवानिवृत हुए हैं। जबकि माता मीनाक्षी शर्मा शिक्षा विभाग से सेवानिवृत हुई हैं।

इन्होंने स्वयं अपनी बेटी रश्मि शर्मा के कंधों पर स्टार लगाए व बेटी की इस उपलब्धि पर अपने को गौरवावित महसूस किया। रश्मि शर्मा की शादी उना में हुई है। इस मौके पर उनके पति सूर्या शर्मा व अन्य परिजन भी मौजूद रहे। इनके पति सूर्या शर्मा बिजली विभाग में अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता के तौर पर कार्यरत हैं। इनका एक 6 साल का बेटा भी है। उसकी इस उपलब्धि पर परिजनों में खुशी का माहौल है।