सरिया और एंगल आयरन से लदे ट्रक ने कुचली कार, अन्य वाहनों को भी नुकसान
नाहन: नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल के गेट के समीप एक बार फिर हादसा हुआ। जहां सरिया और एंगल आयरन से लदा ट्रक रात के वक्त बेकाबू होकर एक घर की दीवार से टकरा गया।
इस हादसे में एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोपहिया वाहन और एक अन्य कार को भी नुकसान हुआ। वहीं, हादसे का शिकार हुए ट्रक में लदा भारी भरकम लोहा ट्रक की बॉडी को तोड़कर कैबिन में जा घुसा। क्योंकि जहां यह हादसा हुआ, वहां काफी उतराई है, जिससे ट्रक को भी भारी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि ट्रक चालक की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। इस स्थान पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं।
बता दें कि नाहन से लेकर बिरोजा फैक्ट्री तक यह एनएच काफी तंग है। 3 किलोमीटर के इस हिस्से में नाहन से नीचे उतराई लगती है। इससे पहले इस स्थल पर जितने भी हादसे हुए हैं, उनमें भारी वाहन ही दुर्घटना का शिकार हुए हैं। भारी वाहनों में लोड ज्यादा होने की वजह से हादसे हो रहे हैं।
बहरहाल, इस हादसे में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन वाहनों को भारी क्षति पहुंची है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संदर्भ में ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।