सर्दी-जुकाम और बुखार बढ़ा रहे मुश्किल: अस्पतालों में लग रही भीड़, इन बातों का रखे ध्यान
HNN/ शिमला
सर्दी का मौसम शुरू होते ही लोग खांसी-जुखाम-बुखार की चपेट में आ रहे हैं। आलम यह है कि इन दिनों प्रदेश के अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी हुई है। हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो कि क्लीनिक या केमिस्ट की दुकान से दवाएं ले रहे है। बता दें, सर्दियां शुरू होते ही लोग कई बिमारियों की चपेट में आ जाते है। ठंडे मौसम में बैक्टीरियल इंफेक्शन की वजह से खांसी, सर्दी, जुकाम, गला दर्द और बुखार जैसी दिक्कतें ज्यादा देखने को मिलती हैं।
ठंड के मौसम में इम्यूनिटी स्लो होने की वजह से भी हमारा शरीर इन बीमारियों से लड़ नहीं पाता है। डॉक्टरों का कहना है कि आम तौर पर यह दिक्कतें कुछ समय में ठीक हो सकती हैं लेकिन हर बार सर्दी-जुकाम होने पर वायरल फीवर होने से मुसीबत बढ़ भी सकती है। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी शिमला की बात करें तो यहां हर रोज मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। इनमें सबसे ज़्यादा छोटे बच्चों से लेकर युवा वर्ग शामिल है।
आईजीएमसी की मेडिसिन ओपीडी में रोजाना वायरल फीवर के मामले आ रहे है। उधर, आईजीएमसी के मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. उष्येंद्र शर्मा ने बताया कि इस तरह की समस्या आने पर तुरंत मरीज को उपचार के लिए अस्पताल आना चाहिए। बताया कि अगर तेज बुखार, सर्दी, गला खराब और खांसी जैसी समस्या हो रही है, तो खान-पान का विशेष ख्याल रखें।
इन बातों का रखे ध्यान
गर्म कपडे पहने।
ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने से बचें।
चिकित्सक की सलाह पर ही दवा का सेवन करें।
यदि किसी व्यक्ति को खांसी या जुकाम है तो उससे दूरी बनाकर रखें।
खांसी-जुकाम होने पर गुनगुने पानी का सेवन करें और मास्क जरूर पहनें।
सबसे ज्यादा संक्रमण हाथों से फैलता है, इसलिए ध्यान रखें कि नियमित रूप से अपने हाथों को धोएं।
सूखे मेवे और हरी सब्जियों का सेवन करें।
दिन भर में आवश्यकता अनुसार गुनगुना या गर्म पानी जरूर पिएं।
बुखार के लक्षण हों तो तत्काल जांच कराएं।