सलूणी में कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म, आरोपी युवक फरार
HNN/ चंबा
जिला चंबा के उपमंडल सलूणी में एक युवक द्वारा कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला संज्ञान में आया है। वहीं इस वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पीड़िता युवती ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने आरोपी लक्की निवासी गांव घुड़ेई पंचायत किहार के खिलाफ आईपीसी 376, और 506 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। बता दें पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। जल्द आरोपी पुलिस हिरासत में होगा।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता युवती ने बताया कि वह जंगल के रास्ते से होकर सलूणी कॉलेज जाती है। उसने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे वह घर से कॉलेज के लिए निकली। रास्ते में उसे उक्त युवक का फोन आया और उसे रुकने के लिए कहा।
करीब 8:45 वह तय स्थान पर पहुंच गया और उसे जबरन जंगल में ले गया। वहां उसके साथ मारपीट की और जबरन दुष्कर्म किया। इसके अलावा किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार आरोपी इससे पहले भी कई बार उसके साथ दुष्कर्म कर चुका है। पीड़िता को मेडिकल के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है। एसडीपीओ सलूणी राजन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।