ऊना/वीरेंद्र बन्याल
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर गोंदपुर जयचंद में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अंशदान किया। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना के उपनिदेशक कर्नल (सेवानिवृत्त) एस.के. कलिया ने उप मुख्यमंत्री व उनके निजी स्टाफ को सशस्त्र सेना का झंडा लगाया और उनसे योगदान प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री ने भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर वर्ष 7 दिसंबर को मनाया जाने वाला सशस्त्र सेना झंडा दिवस उन अमर वीरों की याद का दिन है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए या घायल हुए।
उन्होंने बताया कि इस दिवस पर लगाए जाने वाले झंडों के माध्यम से जुटाई गई राशि शहीदों के परिजनों, अपंग सैनिकों व पूर्व सैनिकों के कल्याण के कार्यों पर खर्च की जाती है तथा यह राशि पूरी तरह आयकर मुक्त है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहयोग दें और देश के सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करें।
इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने आवास पर स्थानीय लोगों की समस्याएँ भी सुनीं। उन्होंने अधिकांश समस्याओं का मौके पर समाधान किया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए।

