सांसद ने सदन में रखी सेब को फसल बीमा योजना के तहत लाए जाने की मांग
कश्यप बोले- प्रदेश का 80 फीसदी सेब होता है मेरे संसदीय क्षेत्र में
HNN/ नाहन
सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्रीय कृषि मंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि हिमाचल प्रदेश के सेब को फसल बीमा योजना के तहत लाया जाए। सांसद ने सदन को बताया कि देश में सेब के उत्पादन में हिमाचल दूसरे नंबर पर आता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का 80 फ़ीसदी एप्पल शिमला पार्लियामेंट्री क्षेत्र में उगाया जाता है।
सुरेश कश्यप ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सेब बागवानों को हर वर्ष ओलावृष्टि, जल प्रलय, अत्यधिक बारिश, सड़कों पर लैंडस्लाइड आदि के कारण सेब के सीजन के दौरान भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सेब यहां के किसानों की आय का एक प्रमुख स्रोत है मगर नुकसान के कारण उन्हें भारी आर्थिक संकट से गुजरना पड़ता है।
सांसद कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सेब का एक प्रमुख उत्पादक है और इसे फसल बीमा योजना के तहत लाने से किसानों को बहुत लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को इस योजना को विस्तारित करना चाहिए और हिमाचल के सेब को फसल बीमा योजना के तहत इसके तहत लाना चाहिए। उनकी इस मांग का उद्देश्य हिमाचल के किसानों को फसलों के नुकसान की स्थिति में आर्थिक सहायता प्रदान करना है और उनकी आय में वृद्धि करना है।