सांसद सुरेश कश्यप ने लोकसभा में उठाया बीबीएन फोरलेन का मामला
सदन में सभापति से की फोरलेन निर्माण में तेज गति लाने की मांग
HNN/ नाहन
केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के पहले सत्र में लोकसभा के पहले दिन शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने बीबीएन क्षेत्र के निर्माणधीन फोरलेन निर्माण का मामला उठाया। पीठासीन सभापति संध्या के समक्ष शून्य काल में सांसद सुरेश कश्यप ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ फोरलेन कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। साथ ही सड़क, परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय को इस निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की।
सांसद सुरेश कश्यप ने सदन में शून्यकाल के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में भारत माला प्रोजेक्ट के तहत 469 करोड़ की लागत से बन रहे फोरलेन निर्माण कार्य में धीमी गति से चल रहे कार्य से चिंता वयक्त करते हुए सोमवार को सदन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने कहा कि इस फोरलेन निर्माण का कार्य 2021 में शुरू हुआ था और 2024 के अंत तक इसे पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था।
मगर पिछले तीन वर्षों से धीमी गति से चल रहे निर्माण से अभी तक केवल 30 से 35 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है। यह फोरलेन हरियाणा राज्य से होकर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में एशिया के दूसरे सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन को जोड़ता है। यह मार्ग विभिन्न क्षेत्रों से गुजरकर प्रदेश की राजधानी शिमला को भी जोड़ता हैं।
इस फोरलेन निर्माण कार्य से जहां हर रोज यातायात जाम से प्रभावित हो रहा है, वहीं उद्योगपतियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी भारी यातायात प्रभावित व्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। सांसद सुरेश कश्यप ने सड़क परिवहन राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्र सरकार से इस कार्य को अति शीघ्र पूरा करने करवाने की मांग की।