Loading...

साइबर कैफे संचालक से ठगे हज़ारों रुपए, विधायक का पीए बनकर शातिर ने की बात

PARUL • 23 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर के उपमंडल सदर में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जहां शातिर ने उपमंडल सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल का पीए बनकर साइबर कैफे संचालक से 24 हजार की ठगी की है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित की पहचान साइबर कैफे संचालक तनुज सोनी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को शातिर ने खुद को विधायक त्रिलोक जम्वाल का पीए बताया और संचालक से विधायक की बेटी की फीस तुरंत ट्रांसफर करने को कहा। जिसके बाद तनुज सोनी ने अपने परिचित अजय चौहान को पैसे ट्रांसफर करने के लिए फोन किया। तनुज सोनी के कहने पर अजय चौहान ने बताए गए बैंक खाते में 24,886 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

पैसे ट्रांसफर करने के बाद जब अजय चौहान पैसे लेने के लिए विधायक के कार्यालय में गया तो वहां पर बताया गया कि विधायक ने किसी को भी पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहा है। जिसके बाद उसे ऑनलाइन ठगी के शिकार होने का एहसास हुआ। जिसके बाद अजय चौहान ने तुरंत ही पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।

वहीं विधायक के पीएसओ ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मदन धीमान द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।