Loading...

सिंचाई टैंक में पड़ा मिला 55 वर्षीय महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

Ankita • 11 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

जिला मंडी के तहत पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत चनोल पंचायत के मंझखेतर में एक महिला का शव सिंचाई योजना के भंडारण टैंक से बरामद किया गया है। मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय अनिता देवी पत्नी स्वर्गीय रणजीत सिंह निवासी मंझखेतर डाकघर तलेली के रूप में की गई है।

महिला की मौत का कारण पड़ोसियों से चल रहा जमीनी विवाद बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि इस जमीनी विवाद के चलते लड़ाई-झगड़ा होने से मृतका ने मानसिक रूप से परेशान होकर आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाया। परिजनों की शिकायत व आरोप के आधार पर पुलिस ने पड़ोसन जमना देवी को गिरफ्तार करके उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, अनिता देवी शनिवार सुबह से घर से लापता थी। उसके लापता होने का उसकी बहू साक्षी ठाकुर पत्नी अजय कुमार को तब चला जब वह सास के लिए सुबह की चाय देने उनके कमरे में गई।

उसने आसपास के लोगों को सास के घर पर न होने की सूचना दी, जिस पर सभी ने उसकी तलाश शुरू की तो गांव की 2 महिलाओं को घर से 100 मीटर दूर स्थित सिंचाई योजना के टैंक में महिला का शव दिखा। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

सूचना मिलने पर सुंदरनगर पुलिस थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने पुलिस कर्मियों सहित मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सुंदरनगर में पोस्टमार्टम करवाया और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी सुंदरनगर जसबीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।