पाकिस्तान / सिंध में पानी को लेकर हिंसा भड़की, प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री का घर फूंका, दो की मौत दर्जनों घायल
कराची
पानी के विवाद में सिंध जल उठा, गृहमंत्री का घर जलाया, हाईवे पर ट्रकों को भी किया आग के हवाले
पानी के बंटवारे को लेकर पंजाब और सिंध में विवाद
पाकिस्तान में सिंध और पंजाब प्रांतों के बीच पानी के बंटवारे को लेकर तनाव चरम पर है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच पानी की किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए हैं। इसी को लेकर सिंध में व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हुए, जो हिंसक हो गए। सिंध के गृहमंत्री जियाउल हसन लंजर के घर पर गुस्साई भीड़ ने हमला कर दिया और पूरे घर को आग के हवाले कर दिया।
मंत्री के घर पर हमला, फर्नीचर और कमरों में आगजनी
यह हमला सिंध के नौशहरो फिरोज जिले के मोरो तालुका में हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों ने गृहमंत्री के आवास को निशाना बनाया। घर के कमरों, फर्नीचर और संपत्ति को पूरी तरह से जला दिया गया। जब निजी गार्ड मौके पर पहुंचे, तो प्रदर्शनकारियों ने उन पर भी हमला किया, जिसके जवाब में गार्ड्स ने हवाई फायरिंग की।
झड़पों में दो प्रदर्शनकारियों की मौत, पुलिसकर्मी घायल
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई, जबकि एक डीएसपी समेत छह पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर खड़े दो ट्रेलरों को भी आग के हवाले कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
विवादित नहर परियोजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
सिंध प्रांत में लोग सिंधु नदी पर प्रस्तावित छह नई नहरों और चोलिस्तान कैनल सिस्टम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट की लागत 211 अरब रुपये बताई जा रही है, जिसका उद्देश्य बंजर भूमि को खेती योग्य बनाना था। हालांकि सिंध की पीपीपी सरकार और स्थानीय संगठनों ने इसका जोरदार विरोध किया। विरोध के चलते कॉमन इंटरेस्ट काउंसिल (CCI) ने परियोजना को खारिज कर दिया, लेकिन प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे।
बिलावल भुट्टो ने हमले की निंदा की
पीपीपी प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी ने गृहमंत्री के घर पर हमले को “आतंकवादी कार्रवाई” बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि हिंसा फैलाने वाले तत्व सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ना चाहते हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।