सिरमौर की वाटर स्कीमों का बनेगा होरोस्कोप

वेबसाइट पर मिलेगी हर योजना की जानकारी, ये है विभाग की तैयारी……

HNN/ नाहन

जलशक्ति विभाग जिला सिरमौर की सभी वाटर और इरिगेशन स्कीमों का होरोस्कोप तैयार करेगा। विभाग हर विधानसभा क्षेत्र वार इनका होरोस्कोप बनाकर इन्हें अपनी वेबसाइट पर अपलोड़ करेगा। इसके लिए विभाग ने खाका तैयार कर लिया है।

अहम बात तो ये है कि इनका लेखा-जोखा तैयार करने के बाद लोगों को अपने क्षेत्र की योजनाओं के बारे में बारीकी से जानकारी हासिल होगी। लोगों को पता चलेगा कि योजना कितनी पुरानी है। कब-कब इनमें सुधार किए गए। योजना की क्षमता कितनी है।

योजना के सुधार व विस्तारीकरण के दौरान इसमें क्या प्रावधान थे। अगले पांच साल विभाग इन योजनाओं को उनके पोटेंशियल के हिसाब से किस रूप में ढालेगा या कौन-कौन से काम होंगे, ये सारी जानकारी लोगों को मिलेगी।

बता दें कि जलशक्ति विभाग के नाहन सर्कल के अधीन जिले में 1405 पेयजल योजनाएं और 268 सिंचाई योजनाएं चल रही हैं। कई योजनाएं दशकों पुरानी हो चुकी हैं। समय के साथ-साथ विभाग ने योजनाओं जीर्णोंद्घार भी किए हैं।

अब विभाग इन सभी योजनाओं को वेबसाइट पर डालेगा। कोई भी उपभोक्ता अपनी और अन्य योजनाओं के बारे में उसकी जानकारी हासिल कर सकेगा। जलशक्ति विभाग सिरमौर के अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन ने इसकी पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि विभाग हर योजना का होरोस्कोप तैयार करेगा। अगले पांच साल विभाग योजना का क्या करने जा रहा है, ये सारा रिकार्ड वेबसाइट पर भी अपलोड़ किया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र वार योजनाओं का होरोस्कोप बनेगा।