सिरमौर के रैन बसेरों में बेसहारा व्यक्तियों को मिलेगा आश्रय- डीसी
HNN / नाहन
जिला में शहरी विकास विभाग द्वारा संचालित सभी रैन-बसेरों में निराश्रितों व बेसहारा व्यक्तियों के लिए रात्रि ठहराव की उपयुक्त व्यवस्था है। यह बात उपायुक्त आर.के.गौतम ने कही। उन्होंने बताया कि रैन-बसेरों में निराश्रितों को आश्रय प्रदान करने के उद्देश्य से उपमण्डल स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में निगरानी समितियों का गठन किया गया है और जिला में ये समितियां सक्रिय तौर पर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि समितियों को निर्देश जारी किये गए हैं कि वे अपने संबंधित क्षेत्रों में रात्रि के समय पुलिस के साथ गश्त करें और यदि कोई बेसहारा व्यक्ति पाया जाता है तो तुरंत उसे रैन बसेरा में आश्रय प्रदान किया जाए। उपायुक्त ने आम जन मानस से भी अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति सड़क किनारे अथवा अन्य किसी स्थान पर निराश्रित पाया जाता है, तो उसे तुरंत रैन बसेरों तक पहुंचाने में मदद करें अथवा इस संबंध में टोल फ्री नम्बर 112 व 1077 पर सूचित किया जाए।
उधर, पावंटा साहिब के एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि पांवटा साहिब के अंतर्गत स्थानीय नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरा में किसी भी बेसहारा व्यक्ति को रात को ठहरने की पूर्ण व्यवस्था है। रैन बसेरा भवन के प्रथम तल पर एक हाॅल में 20 बिस्तर लगे हैं, जिनमें रजाई, तलाई, कंबल इत्यादि की उपयुक्त व्यवस्था है। रैन बसेरा में कोई भी बेसहारा अथवा निराश्रित व्यक्ति सुविधाजनक रात्रि गुजार सकता है।
उन्होंने कहा कि इसी भवन के धरातल में चार और कमरों की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है और यह कार्य अगले 10 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश भी जारी किये हैं।