सिरमौर / जिला परिषद वार्डों का परिसीमन अंतिम रूप से जारी
Himachalnow / सिरमौर
सामान्य निर्वाचन-2026 के लिए 17 वार्डों की सूची प्रकाशित
नाहन
जिला सिरमौर में सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला परिषद वार्डों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन जारी कर दिया गया है। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि मण्डलायुक्त शिमला द्वारा पारित निर्णयों के अनुरूप यह प्रक्रिया पूर्ण की गई है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 17 जिला परिषद वार्ड निर्धारित किए गए हैं, जिनमें विभिन्न विकास खंडों की ग्राम सभाओं को शामिल किया गया है। इसमें संगड़ाह, शिलाई, कमरऊ, पांवटा साहिब, नाहन, ददाहू, पच्छाद और राजगढ़ विकास खंडों की पंचायतों को नए परिसीमन के तहत पुनर्गठित किया गया है।
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या-1 नौहरा से लेकर वार्ड संख्या-17 नेरी कोटली तक सभी वार्डों की सीमाएं तय कर दी गई हैं, जिनमें संबंधित ग्राम सभाओं को शामिल किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि परिसीमन की यह प्रक्रिया आगामी जिला परिषद चुनावों को सुचारू और पारदर्शी ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से की गई है, ताकि सभी क्षेत्रों को संतुलित प्रतिनिधित्व मिल सके।
उन्होंने बताया कि वार्डों की विस्तृत सूची सचिव जिला परिषद एवं जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय नाहन, संबंधित पंचायत समिति कार्यालयों तथा सभी पंचायत कार्यालयों में आम जनता की जानकारी के लिए उपलब्ध करवा दी गई है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने-अपने वार्डों से संबंधित जानकारी निर्धारित स्थानों पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।