Loading...

सिरमौर जिला रेडक्रॉस समिति की नई कार्यकारिणी का गठन, उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता

Shailesh Saini 27 Dec 2025 Edited 27 Dec 1 min read

​नाहन:

जिला रेडक्रॉस समिति सिरमौर की वार्षिक बैठक शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त एवं अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने पीड़ित मानवता की सेवा में रेडक्रॉस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से आगे आकर सोसाइटी के पैटर्न और आजीवन सदस्य बनें ताकि एकत्रित अंशदान से जरूरतमंदों की आर्थिक मदद की जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा जुटाए गए धन का उपयोग मुख्य रूप से गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के इलाज और सहायता के लिए किया जाता है, इसलिए समाज के सभी वर्गों को इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।​

बैठक के दौरान वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक वित्तीय विवरण, विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिला स्तरीय मेले के आयोजन, भवनों के किराए और सोसाइटी की आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा कर सहमति बनाई गई। इसी के साथ जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा गैर-सरकारी सदस्यों की नई कार्यकारी समिति तथा प्रबंध समिति का गठन भी किया गया।

नई कार्यकारी समिति में मनीष जैन, संजय गोयल, अशोक सिकंद व अल्का को नामित किया गया है, जबकि प्रबंध समिति में राजेंद्र कुमार, असलम खान, पंकज अग्रवाल, भरत भूषण मोहिल, नवनीत गुप्ता व डॉ. सबलोक को शामिल किया गया है।

​सहायक आयुक्त एवं सचिव जिला रेडक्रॉस सोसाइटी विवेक शर्मा ने बैठक की मदों को क्रमवार प्रस्तुत करते हुए सोसाइटी की वर्तमान गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

इस अवसर पर एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा और विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित सोसाइटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।