Loading...

सिरमौर ने फिर दिखाया लोकतंत्र पर भरोसा, अंतिम चरण में 86.25 प्रतिशत मतदान

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

महिला मतदाता पुरुषों से आगे, 89 पंचायतों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई मतदान प्रक्रिया

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के अंतिम चरण के चुनाव में मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत आस्था का परिचय देते हुए 86.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया। खास बात यह रही कि मतदान प्रतिशत के मामले में महिला मतदाता पुरुषों से आगे रहीं।

जिले की 89 ग्राम पंचायतों और 515 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतिम चरण के चुनाव में कुल 1,16,379 मतदाताओं में से 1,00,381 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इनमें 86.03 प्रतिशत पुरुष तथा 86.50 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया।उन्होंने बताया कि विकास खंड राजगढ़ में सर्वाधिक 87.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा ददाहू में 87.47 प्रतिशत, पांवटा साहिब में 86.49 प्रतिशत, कमरऊ स्थित तिलोरधार में 86.44 प्रतिशत, शिलाई में 86.30 प्रतिशत, नाहन में 86.66 प्रतिशत तथा पच्छाद में 85.84 प्रतिशत मतदान हुआ।

वहीं संगड़ाह विकास खंड में 84.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कई स्थानों पर बुजुर्ग

मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिला मतदाताओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य सभी मतदाताओं का लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।प्रियंका वर्मा ने कहा कि सिरमौर के मतदाताओं ने एक बार फिर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। बड़ी संख्या में मतदान कर लोगों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Related Topics: