सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन और मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघन पर 41 टिप्पर-ट्रैक्टर जब्त

सिरमौर जिले में अवैध खनन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत दर्जनों वाहनों को जब्त कर न्यायालय में आगामी कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है।

नाहन

रात्रिकालीन विशेष अभियान चलाया गया
पुलिस अधीक्षक सिरमौर के निर्देशों और निगरानी में 10 और 11 दिसंबर की रात को जिलेभर में अवैध खनन के खिलाफ योजनाबद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस थाना पुरुवाला, माजरा, सदर नाहन, काला आम्ब, राजगढ़, संगड़ाह, श्री रेणुका जी और पांवटा साहिब क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें तैनात की गईं।

41 टिप्पर और ट्रैक्टरों पर हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान अवैध खनन और मोटर वाहन अधिनियम की उल्लंघना करते पाए गए कुल 41 टिप्पर और ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने माइनिंग एक्ट और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटते हुए वाहनों को इम्पाउंड और डिटेन कर लिया।

माननीय न्यायालय में भेजी गई कार्रवाई
पुलिस द्वारा जब्त किए गए सभी वाहनों को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय अदालत में प्रस्तुत किया गया है। सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

अवैध खनन माफिया पर कसा जाएगा शिकंजा
सिरमौर पुलिस ने कहा कि अवैध खनन माफिया पर्यावरण और जन सुरक्षा के लिए अत्यंत घातक है। भविष्य में भी मोटर वाहन अधिनियम और अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और खनन माफिया पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।