Loading...

सिरमौर पुलिस ने CCTNS रैंकिंग में लहराया परचम, हासिल किया प्रथम स्थान

Shailesh Saini 3 May 2025 Edited 3 May 1 min read

सिरमौर पुलिस ने समर्पण और तकनीकी दक्षता में किया खुद को प्रमाणित, जिला कप्तान ने दी बधाई

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की पुलिस ने राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो, शिमला द्वारा जारी CCTNS (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

यह उपलब्धि पुलिस विभाग के समर्पण और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है। इस उपलब्धि को लेकर जिला सिरमौर पुलिस कप्तान निश्चिन सिंह नेगी ने पूरी टीदी बधाई दी है।

बता दे कि CCTNS, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2009 में शुरू की गई एक महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय स्तर की परियोजना है। इसका मुख्य उद्देश्य देश भर में पुलिसिंग के लिए एक एकीकृत प्रणाली विकसित करना है, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता में सुधारा जा सके।

यह प्रणाली पुलिस स्टेशन स्तर पर पुलिस के दैनिक कार्यों को स्वचालित करती है और विभिन्न पुलिस अधिकारियों के बीच त्वरित और सुगम सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
CCTNS रैंकिंग में सिरमौर जिले के सभी पुलिस थानों को तीन अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया था। इस प्रतिस्पर्धा में पांवटा साहिब, श्री रेणुका जी, माजरा, शिलाई और महिला पुलिस थाना नाहन ने भी अपनी-अपनी श्रेणियों में शीर्ष पांच स्थानों पर अपनी जगह सुनिश्चित की है।

इस शानदार उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित पुलिस कर्मियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस थाना पांवटा साहिब के नोडल अधिकारी मुख्य आरक्षी विनाक्षी (नंबर 599) और आरक्षी अजय (नंबर 341), पुलिस थाना श्री रेणुका जी के नोडल अधिकारी आरक्षी अमित (नंबर 17)

और मुख्य आरक्षी किरण (नंबर 580), पुलिस थाना माजरा के नोडल अधिकारी आरक्षी अनिल (नंबर 310) और मुख्य आरक्षी रुचि (नंबर 626), पुलिस थाना शिलाई के नोडल अधिकारी आरक्षी नितिश (नंबर 457) और मुख्य आरक्षी किरण (नंबर 397),

तथा महिला पुलिस थाना नाहन की नोडल अधिकारी मुख्य महिला आरक्षी गीता (नंबर 144) और महिला आरक्षी सुनीता (नंबर 152) के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की।

बरहाल निश्चित सिंह नेगी का कहना है कि यह सफलता सिरमौर पुलिस के प्रत्येक सदस्य के अथक परिश्रम और अपराध नियंत्रण तथा कानून व्यवस्था को बनाए रखने की उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले की पुलिस आगे भी इसी समर्पण और भावना के साथ कार्य करती रहेगी।