सिरमौर प्रेस क्लब ने उपायुक्त के पद से स्थानांतरित आर.के. गौतम को दी गरिमापूर्ण विदाई

HNN/ नाहन

सिरमौर प्रेस क्लब ने आज वीरवार को उपायुक्त के पद से स्थानांतरित आईएएस अधिकारी रामकुमार गौतम को गरिमापूर्ण विदाई दी। इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य व मार्गदर्शक एसपी जैरथ, अध्यक्ष शैलेंद्र कालरा व महासचिव सतीश शर्मा ने उपायुक्त को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

साथ ही शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान क्लब ने अधिकारी को एक कोलाज भी भेंट किया, इसमें सिरमौर से जुड़ी यादों को सम्मिलित किया गया।

क्लब के हरेक सदस्य ने एक सुर में इस बात को रखा कि दो साल से भी कम समय के कार्यकाल में अधिकारी ने मीडिया की अहमियत को न केवल समझा, बल्कि सिरमौर प्रेस क्लब के परिसर के विकास में भी शानदार योगदान प्रदान किया। इस मौके पर उपायुक्त आरके गौतम ने कहा कि वो सिरमौर से शानदार अनुभव लेकर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वो जब पहली बार नाहन आए थे तो सिरमौर भा गया था। तकरीबन दो साल पहले उपायुक्त के पद पर तैनाती मिली तो पर्यटन की संभावनाओं को तलाशना शुरू किया था। उन्होंने कहा कि मीडिया का हर कदम पर सहयोग मिला।

महज 15 मिनट की सूचना पर मीडिया कर्मी पहुंच जाते थे। उन्होंने कहा कि सोच हमेशा सकारात्मक होनी चाहिए। ऐसी सोच रखने वालों को परिणाम भी सकारात्मक मिलते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन रमेश पहाड़िया ने किया। कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक पत्रकार मौजूद रहे।