HNN/ नाहन
युवा सेवाएं और खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा बीते रोज दिए गए बयान का जिला सिरमौर फुटबॉल संघ नाहन ने समर्थन किया है। इसके साथ ही संघ ने खेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया है। बता दें कि विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को खेल संघों की कमान मिलने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के खेल संघों का राजनीतिकरण नहीं होने देंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी खेल संघ का अध्यक्ष बनाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की सरकार ने इस संदर्भ में नियम तय किए थे परन्तु राज्यपाल से इन नियमों को मंजूरी नहीं मिली थी। ऐसे में अब जल्द ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ध्यान में इस मामले को लाया जाएगा।
इसी के चलते अब जिला सिरमौर फुटबॉल संघ नाहन ने भी इसका समर्थन किया है। नरेन्द्र थापा, शिवराज शर्मा, मनोज पटेट, राजेश मल्होत्रा, गजेंद्र छेत्री, महिन्द्र छेत्री, सुशील गोयल, सलीम अहमद, सुधीर रामोल, विरेंद्र पाल, कैप्ट नरेंद्र गुरुंग और जितेंद्र शाही ने कहा कि हम मंत्री विक्रमादित्य सिंह का मज़बूती से समर्थन करते है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हाथ में ही खेल संघों की कमान रहनी चाहिए।

