सिरमौर / मूसलाधार बारिश से अगड़ीवाला गांव के 8 घर ध्वस्त , 13 परिवार खतरे में ,भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने 7 लाख मुआवजे की मांग की
सिरमौर जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र की मातर पंचायत के अगड़ीवाला गांव में 17-18 अगस्त की रात और सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई । इस आपदा में 8 गरीब परिवारों के मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि 13 अन्य घर गिरने की कगार पर हैं।
सिरमौर
बारिश से भारी नुकसान
बारिश से अगड़ीवाला और नलका गांव सबसे अधिक प्रभावित हुए। 8 मकानों में से 7 अगड़ीवाला और 1 नलका का है। अगड़ीवाला की अनुसूचित बस्ती के 13 घर अब भी खतरे में हैं। तीन गरीब परिवारों की पूरी जमीन बह गई और करीब 36 लोग बेघर होकर हरिपुर खोल की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में शरण लेने को मजबूर हैं।
प्रशासन की ओर से राहत नाकाफी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि प्रशासन ने निरीक्षण तो किया है, लेकिन अब तक राहत बेहद सीमित मात्रा में पहुंची है। मातर पंचायत पूरी तरह नदी-नालों के किनारे बसी होने के कारण यहां लगातार जान-माल का खतरा बना हुआ है।
7 लाख मुआवजे और जमीन का प्रावधान जरूरी
डॉ. बिन्दल ने कहा कि सामाजिक स्तर पर विस्थापित परिवारों को आवश्यक सामान उपलब्ध कराया गया है, लेकिन सरकार को प्रत्येक प्रभावित परिवार को 7 लाख रुपये की आर्थिक मदद देनी चाहिए। जिनकी जमीन बह गई है, उन्हें भूमि का प्रावधान करना भी आवश्यक है। उन्होंने आशा जताई कि सरकार और प्रशासन जल्द से जल्द पीड़ितों को राहत राशि उपलब्ध कराएंगे।