सिरमौर में दहेज मांगने, मारपीट और तीन तलाक कहने पर आरोपी गिरफ्तार
HNN/ पांवटा साहिब
पुलिस थाना माजरा में एक मुस्लिम महिला ने अपने पति पर दहेज की मांग करने, मारपीट और तीन तलाक कहकर तलाक देने पर मामला दर्ज करवाया है। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस थाना माजरा में दी शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति अकसर दहेज के लिए उसके साथ मारपीट करता है। साथ ही परिवार के सदस्य भी उससे अच्छा व्यवहार नहीं करते। रोजाना उससे दहेज की मांग की जाती थी।
जब उसने कहा कि वह अपने मायके से दहेज लाने में असमर्थ है तो उसे तीन बार तलाक कह दिया। शिकायत के आधार पर माजरा पुलिस थाना में बीएनएसएस की धारा 85, 115(2) व द मुस्लिम वूमेन (प्रोटेक्शन ऑफ राइट ऑन मैरिज) एक्ट 2019 की धारा 4 के तहत पीडिता के पति आरोपी शाहरुक खान (25) निवासी पुरुवाला कांशीपुर, पांवटा साहिब के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, पांवटा साहिब की डीएसपी अदिति सिंह ने दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।