Loading...

सिरमौर में दो स्थानों पर मारपीट, पच्छाद में क्रॉस केस, माजरा में रास्ता रोककर हमला

Shailesh Saini • 29 Apr 2026 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर मारपीट के मामलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पच्छाद क्षेत्र के खलोग गांव में पानी की पाइप को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प हुई, वहीं माजरा थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर युवकों से मारपीट का मामला सामने आया है।

पुलिस ने दोनों घटनाओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पच्छाद के खलोग गांव में पुरानी रंजिश और पानी की पाइपलाइन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

पहले मामले में सालिग राम निवासी खलोग ने शिकायत दी कि 27 अप्रैल की रात आरोपी प्रवीन नशे की हालत में कुल्हाड़ी और चाकू लेकर उसके घर में घुस आया और उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।वहीं दूसरे पक्ष से बाबू राम निवासी बडयाणा ने आरोप लगाया कि वह उसी दिन शाम के समय पाइपलाइन जोड़ने और टंकी की सफाई के लिए खलोग गया था।

वापसी के दौरान खुले नल को ठीक करते समय सालिग राम और उसकी पत्नी ने उस पर कुल्हाड़ी और दराटी से हमला कर दिया।

इस घटना में उसे भी चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।उधर, थाना माजरा क्षेत्र में भी मारपीट की घटना सामने आई है। शिकायतकर्ता नीरज कुमार ने बताया कि 28 अप्रैल को वह अपने दोस्त के साथ संतोषगढ़ पीडब्ल्यूडी रोड पर जा रहा था, तभी एक व्यक्ति ने गाड़ी लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद अपने साथियों को बुलाकर दोनों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।जिला पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों घटनाओं में अभियोग दर्ज कर लिए गए हैं और पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Topics: