Loading...

सिरमौर में नकली नोट छापकर दुकानों पर चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर भेजा…

SAPNA THAKUR • 25 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जो कि नकली नोट छाप कर दुकानों से सामान लेता था। आरोपी बड़ी होशियारी से असली नोट स्कैन कर प्रिंटर से नोट की छपाई कर दुकानों पर चला रहा था। वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कमरे से प्रिंटर व लैपटॉप बरामद किया है। साथ ही आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लिया गया है।

गौरतलब हो कि कालाअंब बस स्टैंड पर दुकान चलाने वाले बिलासपुर हरियाणा निवासी सुशील कुमार के पास सिगरेट लेने के लिए एक व्यक्ति आया। सिगरेट की डिब्बी खरीदने के बाद आरोपी ने दुकानदार को 50 व 20 का नोट दिया। दुकानदार को जब नोट के नकली होने पर शक हुआ, तो उसने स्थानीय दुकानदारों को इशारा कर अपनी दुकान में बुलाया।

आरोपी पहले भी पास की दुकान में नकली नोट से सामान खरीद चुका था, इसलिए दुकानदारों ने आरोपी को पकड़ने के लिए पहले ही प्लान बनाया था। आरोपी को दबोच कर कालाअंब पुलिस के हवाले किया गया। जब पुलिस ने आरोपी शाहीन निवासी कुंदन का बाग नाहन की तलाशी ली तो उसके पास से 100 रुपए के पांच व 50 रुपए के 5 कुल 750 रुपए बरामद किए गए।