सिरमौर में प्री-प्राइमरी स्कूलों की संख्या पहुंची 297, खेल-खेल में नौनिहाल…
HNN / नाहन
जिला सिरमौर में सरकारी विद्यालयों में खेल-खेल में नौनिहालों को पढ़ाई का उपयुक्त वातावरण देने व शिक्षा देने के मकसद से मंगलवार को जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान नाहन में पांच दिवसीय प्री-प्राइमरी विद्यालयों के अध्यापकों को स्टार्स कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज हुआ।
डाइट नाहन में जिला सिरमौर के सभी 14 शिक्षा खंडों के 52 प्री-प्राइमरी विद्यालयों के अध्यापक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में नौनिहाल खेल-खेल में पढ़ाई के गुर सीख रहे हैं। बता दें कि जिला सिरमौर में अब प्री-प्राइमरी स्कूलों की संख्या 297 पहुंच गई है। जिसमें सुखद बात शिक्षा विभाग के लिए यह है कि प्री-प्राइमरी कक्षाओं से सरकारी विद्यालयों में भी औसतन एनरोलमेंट बढ़ रही है।
जिला सिरमौर में इस समय कुल 297 प्री प्राइमरी विद्यालय हैं जिनमें 3672 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। साल 2020-21 में यह विद्यालय 189 थे जबकि 20221-22 में 60 नए विद्यालय मिले और 20222-23 के लिए भी 48 विद्यालय स्वीकृत किए गए। इस प्रकार 297 विद्यालय इस समय प्री प्राइमरी कक्षाओं को संचालित कर रहे हैं। जिला सिरमौर में विधानसभा क्षेत्र के अनुसार नाहन विधानसभा क्षेत्र में 79, शिलाई में 77, पच्छाद में 49, पांवटा साहब में 44 और श्री रेणुका जी में 48 प्री प्राइमरी विद्यालय शुरू हो चुके हैं।