Loading...

सिरमौर में बारिश का कहर : 42 सड़कें बंद, करोड़ों की संपत्ति को नुकसान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 22 Jul 2025 • 1 Min Read

लगातार बारिश से सिरमौर जिले में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों के साथ पेयजल योजनाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नाहन

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सिरमौर जिले में पिछले 24 घंटों से हो रही रुक-रुककर भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रशासन द्वारा 1.96 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का आकलन किया गया है।

लोक निर्माण विभाग को भारी क्षति
सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। मंगलवार को जिले की कुल 42 सड़कें बंद रहीं। नाहन, पांवटा साहिब और शिलाई डिवीजनों में 8-8 सड़कें, राजगढ़ में 7, पच्छाद में 6 और संगड़ाह में 5 सड़कें भूस्खलन की चपेट में आईं।

सड़क बहाली कार्य जारी
लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़क बहाली में जुटी हैं। देर शाम तक कई सड़कों को खोल दिया गया था जबकि शेष 10 सड़कों पर कार्य जारी रहा।

पेयजल योजनाएं भी प्रभावित
जलशक्ति विभाग की 36 योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे 82 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इससे कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित हुई है।


स्वास्थ्य विभाग की पीएचसी कमरऊ को 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नारग तहसील के कुज्जी रिकन गांव में चंद्र दत्त की गौशाला को भी नुकसान पहुंचा है।

प्रशासन के निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को शीघ्र नुकसान का आकलन कर आवश्यक सेवाएं बहाल करने के निर्देश दिए हैं।