सिरमौर में भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’, DC ने 2 सितंबर को सभी स्कूल-कॉलेज बंद करने का दिया आदेश
छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला, शिक्षकों को भी मिली छुट्टी
हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन, (1 सितंबर)-
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा सिरमौर जिले के लिए 2 सितंबर, 2025 को जारी ‘रेड अलर्ट’ के बाद, प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की अध्यक्ष-सह-उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने आदेश जारी कर 2 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ियों को बंद रखने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने बताया कि मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। यह स्थिति भूस्खलन, बाढ़, और सड़कों के अवरुद्ध होने का कारण बन सकती है, जिससे छात्रों और आम जनता के जीवन को खतरा हो सकता है।
यह फैसला सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 के तहत लिया गया है।आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि छात्रों के साथ-साथ इन संस्थानों के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को भी कल संस्थान में उपस्थित होने से छूट रहेगी।
हालांकि, उन्हें घर से ही ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का प्रयास करने को कहा गया है ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। सभी संबंधित संस्थानों और अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।