Loading...

सिरमौर में मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाने का कार्यक्रम निर्धारित

PRIYANKA THAKUR • 6 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / नाहन

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर.के गौतम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष पुनरीक्षण 2023 से पहले जिला के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 55-पच्छाद, 56-नाहन, 57-रेणुकाजी, 58-पांवटा साहिब व 59-शिलाई में निरंतर अद्यतन प्रक्रिया के अधीन अद्यतन फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाने के लिये कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार एक समान फोटो प्रविष्टियों का सत्यापन व उन्हें हटाने का कार्य 20 जनवरी 2023 तक पूरा किया जाएगा। इसी प्रकार, 13 दिसम्बर 2022 को जनरेट की गई जनसांखिकीय समान प्रविष्टियों के सत्यापन व उन्हें हटाने का कार्य 10 जनवरी 2023 तक किया जाएगा।

अगले 10 दिनों के भीतर फोटोयुक्त पहचान पत्रों में बार-बार होने वाली त्रुटियों का निपटारा किया जाएगा। भारतीय निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर द्वारा चिन्हित निम्न गुणवत्ता वाले फोटो को आगामी 20 जनवरी तक बदल दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में पंजीकृत मतदाताओं को 100 प्रतिशत आधार कार्ड से जोड़ने के लिये जोर दिया जा रहा है।

मतदाता को आधार कार्ड से जोड़ने के लिये फार्म संख्या 6 बी को भी मतदाता से स्वैच्छिक आधार पर एकत्रित किया जाना है। उन्होंने आम जनमानस से आधार कार्ड को मतदाता सूचियों से जोड़ने में सहयोग देने का आग्रह किया है।