Loading...

LANDSLIDE / सिरमौर में माइनिंग साइट पर टूटा पहाड़, 3 लोगों के दबने की आशंका; दो वाहन मलबे में क्षतिग्रस्त, बारिश ने रोका रेस्क्यू

Shailesh Saini • 52 Mins Ago • 1 Min Read

LANDSLIDE / माइनिंग साइट पर आखिर कैसे टूटा पहाड़? मलबे में 3 जिंदगियां दबने की आशंका, दो वाहन क्षतिग्रस्त

नाहन

जिला सिरमौर के कफोटा के समीप तिलोरधार (बांगनधार) में मंगलवार को भारी बारिश के बीच माइनिंग साइट पर अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरकने से हड़कंप मच गया। भारी मलबे और विशाल चट्टानों की चपेट में आने से तीन लोगों के दबे होने की आशंका है। इनमें एक स्थानीय चालक और दो नेपाली मजदूर बताए जा रहे हैं। हादसे में दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की, लेकिन लगातार तेज बारिश और दोबारा भूस्खलन के खतरे के चलते फिलहाल बचाव अभियान रोकना पड़ा है।

बताया जा रहा है कि तिलोरधार में माइनिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान पत्थरों से भरी एक गाड़ी माइनिंग साइट से बाहर निकल रही थी। अचानक ऊपर से भारी मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें खिसककर नीचे आ गिरीं। देखते ही देखते माइनिंग क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा मलबे की चपेट में आ गया। इसी दौरान वाहन चालक समेत तीन लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी मात्रा में मलबा और विशाल चट्टानें जमा हो गई हैं, जिन्हें हटाना रेस्क्यू टीमों के लिए चुनौती बना हुआ है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से फिर मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। मौसम साफ होने और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद बचाव अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम शिलाई जसपाल स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। भारी बारिश के कारण फिलहाल रेस्क्यू कार्य रोकना पड़ा है।

उधर, हादसे के बाद माइनिंग कार्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटनास्थल पर खनन कार्य वैध अनुमति के तहत चल रहा था या नहीं। प्रशासन की जांच के बाद ही इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में दबे बताए जा रहे तीन लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने पर है।

Related Topics: