Loading...

सिरमौर में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 103 आवास स्वीकृत, 81 पूर्ण, 22 निर्माणाधीन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Jun 2025 • 1 Min Read

नाहन

बीपीएल परिवारों को 1.5 लाख की सहायता राशि, गरीबों के सपनों को मिल रहा है पक्का मकान

गांव-गांव तक पहुंचा सरकार का सहयोग
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री आवास योजना ने सिरमौर जिले के सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्के घर का सपना साकार किया है। परियोजना अधिकारी अभिषेक मित्तल के अनुसार, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जिले में कुल 103 मकान स्वीकृत किए गए, जिनमें से 81 का कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष 22 अंतिम चरण में हैं।

वर्षवार लक्ष्य और अनुदान वितरण
वित्त वर्ष 2022-23 में 65 मकानों के लिए 97.5 लाख रुपये, 2023-24 में 22 मकानों के लिए 33 लाख रुपये और 2024-25 में 16 मकानों के लिए 24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। योजना के तहत प्रत्येक बीपीएल परिवार को तीन किस्तों में कुल 1.5 लाख रुपये की अनुदान राशि दी जाती है।

नाहन विकास खंड में भी दिखा असर
खंड विकास अधिकारी परमजीत सिंह के अनुसार, नाहन विकास खंड में 2022-23 से लेकर 2024-25 तक कुल 16 मकानों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इसके लिए 16.5 लाख रुपये की राशि सरकार द्वारा लाभार्थियों को दी गई है।

लाभार्थियों की जुबानी सफलता की कहानी
गांव कन्यारी की जमना देवी बताती हैं कि पति के देहांत के बाद वह कच्ची झोपड़ी में रह रही थीं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मिली सहायता से अब उनके पास पक्का मकान है, जिसमें एक कमरा, रसोई और शौचालय है।

गांव गुमटी के साहिल ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। मुख्यमंत्री आवास योजना से मिले 1.5 लाख रुपये से उन्होंने नया मकान बनवाया और सरकार का आभार जताया।

गांव खैरवाला के मजदूर राजपाल ने बताया कि छह सदस्यीय परिवार के लिए पक्का घर बनाना एक सपना था, जो सरकार की मदद से 2023 में पूरा हुआ।

Related Topics: