सिरमौर में लोकतंत्र का उत्सव परवान पर, प्रथम चरण में 83.41 प्रतिशत मतदान दर्ज
ददाहू और तिलोरधार में सबसे अधिक मतदान, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक दिखा उत्साह
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण के चुनाव के दौरान लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जिले की 94 ग्राम पंचायतों के 588 वार्डों में हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दिनभर मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और शाम तक मतदान प्रतिशत ने बेहतर आंकड़ा छू लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 83.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इनमें पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 83.52 रहा, जबकि महिला मतदाताओं ने भी लगभग बराबरी करते हुए 83.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल एक लाख 32 हजार 708 मतदाताओं में से एक लाख 10 हजार 695 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तथा महिला मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
विकास खंडवार आंकड़ों में ददाहू और कमरऊ क्षेत्र ने सबसे अधिक मतदान दर्ज किया। विकास खंड ददाहू की नौ पंचायतों में 86.77 प्रतिशत तथा कमरऊ स्थित तिलोरधार की नौ पंचायतों में 86.80 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके अलावा नाहन विकास खंड की दस पंचायतों में 85.03 प्रतिशत, पांवटा साहिब की 17 पंचायतों में 84.34 प्रतिशत, राजगढ़ की 12 पंचायतों में 81.38 प्रतिशत, संगड़ाह की 13 पंचायतों में 81.90 प्रतिशत तथा शिलाई की 13 पंचायतों में 81.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं पच्छाद की 11 पंचायतों में 79.74 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिला मतदाताओं तथा दिव्यांग मतदाताओं सहित सभी वर्गों ने लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।