सड़कों की बदहाली पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला: सागंना-सत्ताहन मार्ग 2 साल से बंद , स्थानीय लोग परेशान
प्रताप रावत ने दिया सरकार अल्टीमेटम बोले 10 दिन में नहीं खुला रास्ता तो खोला जाएगा मोर्चा
नाहन, सिरमौर
जिला सिरमौर भाजपा के सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सागंना से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सागंना सत्ताहन को जोड़ने वाला सड़क संपर्क मार्ग पिछले दो साल से बंद पड़ा है। भारी भूस्खलन और स्लीप आने के कारण यह मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से अवरुद्ध है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पास स्थित उपगांव सार के ग्रामीण मुख्य रूप से बागवानी और खेतीबाड़ी पर निर्भर हैं। सड़क बंद होने के कारण उन्हें अपनी नकदी फसलें दो किलोमीटर दूर मुख्य सड़क सागंना तक पीठ पर ढोकर ले जानी पड़ रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इस सड़क मार्ग को खोलने के लिए वे स्वयं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिले थे, जिन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, नाहन को सड़क बहाल करने के आदेश भी दिए थे। हालांकि, इन आदेशों के बावजूद सड़क आज भी बंद है।
रावत ने विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार पर भी तंज कसते हुए कहा कि हाल ही में गाताधार क्षेत्र के गांव मंडवाच में एक शादी समारोह में उन्होंने ‘जन समस्याएं सुनने का ढोंग’ किया। रावत ने सवाल उठाया कि विनय कुमार ने सिर्फ अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की निजी समस्याएं सुनीं, जबकि उन्हें क्षेत्र की वास्तविक जन समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी केवल अपनी समस्याओं को प्राथमिकता देते हैं, न कि क्षेत्र की समस्याओं को।
प्रताप रावत ने चेतावनी दी है कि यदि लोक निर्माण विभाग 10 दिनों के भीतर इस सड़क संपर्क मार्ग को बहाल नहीं करता है, तो स्थानीय लोग प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे।