नाहन
जिला सिरमौर को क्षयरोग मुक्त बनाने की दिशा में तेज़ हुए प्रयास, उपायुक्त ने की अपील
टीबी फोरम समितियों का गठन अनिवार्य
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिम्टा की अध्यक्षता में बुधवार को जिला टीबी फोरम और क्षयरोग उन्मूलन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सिरमौर की सभी पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया। उपायुक्त ने सभी पंचायतों में टीबी फोरम समितियों के गठन के आदेश जारी किए हैं, जिनमें उप-प्रधान अध्यक्ष, मेडिकल अधिकारी सदस्य सचिव तथा आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पंचायत प्रतिनिधि शामिल होंगे।
ग्राम सभाओं में टीबी उन्मूलन होगा एजेंडा
बैठक में निर्देश दिए गए कि आगामी ग्राम सभाओं की बैठकों में टीबी उन्मूलन का मुद्दा एजेंडे में शामिल किया जाए। समितियों के माध्यम से टीबी के लक्षणों की पहचान कर, रोगियों को सरकारी योजनाओं और इलाज की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
निक्षय मित्र निभा रहे अहम भूमिका
उपायुक्त ने अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाने की अपील की, ताकि टीबी रोगियों को गोद लेकर पोषण और सहारा मिल सके। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 55 निक्षय मित्र बनाए जा चुके हैं। तिरुपति मेडिकेयर लिमिटेड पांवटा द्वारा सभी रोगियों को प्रोटीन पाउडर वितरित किया जा रहा है।
गोल्ड और सिल्वर मेडल की घोषणा
सिरमौर जिला प्रशासन ने घोषणा की कि जो पंचायतें लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त रहेंगी, उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष 20 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर सिल्वर मेडल देने का निर्णय लिया गया है।
टीबी विजेताओं ने साझा किए अनुभव
बैठक में टीबी से सफलतापूर्वक ठीक हुए चैम्पियनों ने अपने अनुभव साझा किए और अभियान में अन्य लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया। बैठक का संचालन जिला टीबी अधिकारी निसार अहमद ने किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

