सिरमौर / ₹1.34 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त , नशा माफिया की कमाई पर लगा ताला
नाहन
नशे के खिलाफ सिरमौर पुलिस की निर्णायक कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश सरकार के नशा मुक्त समाज के संकल्प को साकार करते हुए सिरमौर पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध बड़ी सफलता दर्ज की है। पुलिस ने वित्तीय अन्वेषण के दौरान ₹1,34,79,508.37 की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की है। यह कार्रवाई डीएसपी मुख्यालय रमाकांत ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई जांच का परिणाम है।
नशा तस्कर संजय कुमार की संपत्ति जब्त
यह मामला पांवटा साहिब थाना के अंतर्गत आता है, जहां 2017 में संजय कुमार उर्फ संजु पुत्र मंगत राम निवासी देवी नगर से 40.32 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। आरोपी पर NDPS एक्ट 1985 की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में पाया गया कि आरोपी बार-बार नशे के कारोबार में संलिप्त था। इसके बाद PIT ND&PS एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे तीन महीने के लिए आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेजा गया था।
वित्तीय जांच में उजागर हुआ बड़ा नेटवर्क
फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के बाद सक्षम प्राधिकारी ने NDPS अधिनियम की धारा 5-ए के तहत ₹1.34 करोड़ की संपत्ति की अंतिम जब्ती की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नशा माफिया की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अन्य मामलों में भी करोड़ों की संपत्ति सीज
सिरमौर पुलिस ने इससे पहले पांच अलग-अलग मामलों में ₹4.43 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति सीज या फ्रीज की है, जिनमें ₹95,00,485.85, ₹70,70,702.29, ₹54,08,791.37, ₹52,72,225.73 और ₹35,99,837.92 रुपये की संपत्तियां शामिल हैं।
अपराधियों के लिए सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कार्रवाई असामाजिक तत्वों के लिए सख्त चेतावनी है कि सिरमौर में अपराध से लाभ कमाना अब संभव नहीं रहेगा। सिरमौर पुलिस का लक्ष्य नशे के व्यापार से अर्जित हर अवैध संपत्ति की पहचान कर उसे जब्त करना है, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।