Loading...

सिलेंडर की जांच करते समय हुआ जोरदार धमाका, महिला और पुरुष घायल

PRIYANKA THAKUR • 26 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / बिलासपुर

जिला बिलासपुर के तहत आती सिनेमा कॉलोनी में सिलेंडर की जांच करते समय अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। इस घटना में महिला और पुरुष घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार घायल महिला ने पुलिस को बताया कि वह सिनेमा कॉलोनी में एक घर में किराए पर रहती है।

उसे रसोई घर से सिलेंडर के लीक होने की दुर्गंध आई। जिसके बाद उसने तुरंत गैस एजेंसी को कॉल किया और व्यक्ति को सिलेंडर चेक करवाने के लिए घर बुलाया। जब व्यक्ति सिलेंडर की जांच कर रहा था, अचानक जोरदार धमाका हुआ।  धमाका इतना जोरदार था कि  घर की खिड़कियां और दरवाजे के शीशे तक टूट गए, साथ ही घर में मौजूद पुरुष और महिला दोनों घायल हो गए।

हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है।