सीआरपीएफ जवान को सैकड़ों लोगों ने दी अंतिम विदाई
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के सीआरपीएफ जवान रजत कटोच (31) पुत्र स्वर्गीय इकवाल चंद कटोच निवासी भौरा की पार्थिव देह शनिवार दोपहर को पैतृक गांव पहुंची। जिसके बाद शहीद सीआरपीएफ जवान रजत कटोच का सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें जवान रजत कटोच चेन्नई में तैनात था। जहां ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई थी। मृतक दो माह पहले छुट्टी आया था तथा अपनी माता व पत्नी को भी साथ लेकर चेन्नई गया था। बताया जा रहा है कि जवान के पिता की भी सीआरपीएफ में सेवाकाल के दौरान ही मौत हो गई थी।
उस समय रजत मात्र पांच वर्ष का ही था। जवान रजत पढ़ाई-लिखाई के साथ खेलकूद में भी हमेशा अव्वल रहते थे। रजत की डेढ़ वर्ष पहले ही शादी हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी व मां को छोड़ गया है।