HNN/ नाहन
हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के गठन पर जिला सिरमौर में खुशी की लहर है। जैसे ही हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस विधायक समिति की बैठक में सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम मुख्यमंत्री के लिए घोषित किया गया उसके साथ ही सिरमौर जिला में खुशी की लहर दौड़ गई। नाहन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थकों ने जश्न मनाया तथा देर शाम गुन्नू घाट चौक पर आतिशबाजी व पटाखे फोड़ कर खूब मिठाइयां वितरित की।

प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नियुक्ति पर जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व उपाध्यक्ष रुपेंद्र सिंह ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरेंद्र तोमर, नगर परिषद के पार्षद राकेश गर्ग, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता बृजराज ठाकुर, सीए प्रमोद ठाकुर आदि ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन का लंबा तजुर्बा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जश्न मनाते हुए कहा कि नाहन से विधायक अजय सोलंकी की प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू के साथ नजदीकियां जिला सिरमौर व नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की नई गाथा लिखेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रुपेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आम लोगों की कसौटी पर खरा उतरेगी।

