सुधीर शर्मा ने मंदल में 4 लाख 50 हजार से निर्मित महिला मंडल भवन का किया उद्घाटन
विधायक ने ढ़गवार में खेल मैदान बनाने के लिए 8 लाख देने की करी घोषणा
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के मंदल में विधायक सुधीर शर्मा ने लगभग साढ़े 4 लाख से बनने वाले शिव महिमा महिला मंडल भवन का उद्घाटन किया। विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक उत्थान तथा उन्हें विकास के समान अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश के विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए महिला कल्याण व उत्थान योजनाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अनेक नई योजनाएं चलाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए पहले आम जनता के काम और युवाओं को रोजगार मुहैया करवाना है, उसके बाद ही ट्रांसफर जैसे मसलों को देखूंगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता में आम जनता के काम हैं। वह आमजन के प्यार से ही दोबारा धर्मशाला के विधायक बने हैं। सुधीर ने ग्राम पंचायत ढ़गवार में चकबन ढ़गवार से मसरेहड़ तक लगभग 323.46 लाख से बनने वाले सम्पर्क सड़क का भूमिपूजन किया।
उन्होंने कहा कि सड़क बनने से ढ़गवार खास, चकबन खास व मसरेहड़ गांवों के लगभग 1300 लोग लाभान्वित होंगे। सुधीर शर्मा ने कहा कि यह सड़क 18 माह में बनाने का लक्ष्य रखा गया है। एयरपोर्ट के विस्तार पर सुधीर शर्मा ने कहा कि वह विस्थापितों के साथ हैं। उन्हें विस्थापन का दर्द पता है। उन्होंने कहा कि विस्थापितों के मुआवजे और पुनर्वास के लिए वह जी जान लड़ा देंगे। विस्थापितों की समस्याओं को लेकर वह सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिलेंगे।
उनकी हर समस्या का समाधान होगा। कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशहित में एयरपोर्ट का विस्तार जरूरी है। राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से भी गगल एयरपोर्ट जरूरी है, सुरक्षा-भूकंप के हालात में एयरपोर्ट विस्तार जरूरी है। सुधीर शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से गगल एयरपोर्ट सबसे जरूरी है। पड़ोसी देशों ने बार्डर पर एयरपोर्ट बना लिए हैं।
इस कारण इस एयरपोर्ट का विस्तार जरूरी है। सुधीर ने ढ़गवार में खेल का मैदान बनाने के लिए 8 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान बनने से युवाओं में खेल की भावना जागृत होगी। साथ ही खेलने का मौका मिलेगा व मानसिक व शारीरिक विकास हो सकेगा। इसके उपरांत विधायक सुधीर शर्मा ने मंदल व ढ़गवार में लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया व शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
