सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित, 30 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा और नवाचार के लिए मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का यह सम्मान
आपदा प्रबंधन में विशिष्ट कार्यों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
भारत सरकार ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण, तत्परता, प्रतिक्रिया और पुनर्वास के क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थानों से सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने आपदा प्रबंधन में असाधारण सेवा, नवाचार या नेतृत्व का परिचय दिया हो।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2025
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थान 30 सितंबर 2025 तक https://awards.gov पोर्टल पर जाकर अपना नामांकन ऑनलाइन भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह एक सुनहरा अवसर है, जिससे क्षेत्र में किए गए कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिल सकती है।
पुरस्कार से मिलेगा प्रेरणा और पहचान दोनों
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि यह पुरस्कार न केवल सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज में संकट की घड़ी में सेवा भावना को प्रेरित करने का माध्यम भी है। यह उन लोगों को मंच प्रदान करता है जिन्होंने आपदा प्रबंधन को बेहतर बनाने में विशेष योगदान दिया है।
क्षेत्र के पात्र लोगों और संस्थानों से अपील
जतिन लाल ने क्षेत्र के सभी योग्य व्यक्तियों, संगठनों और संस्थानों से अपील की कि वे समय रहते अपने नामांकन अवश्य प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल एक उपलब्धि है, बल्कि दूसरों को प्रेरित करने की दिशा में भी एक सार्थक कदम है।