सैलून से निकलते हुए दरवाजे से टकराकर गिरा व्यक्ति, गले में लगा कांच
HNN/सोलन
जिला सोलन के कुनिहार में सैलून से बाहर निकलते हुए एक व्यक्ति दरवाजे से टकराकर गिर गया। दरवाजे पर गिरने से उसमें लगा कांच टूट गया और व्यक्ति के गले पर लग गया। हादसे में व्यक्ति घायल हुआ है। घायल की पहचान ललित कुमार निवासी गांव चढ़ाव डैल कुनिहार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ललित कुमार सैलून में बाल कटवाने के लिए आया था। बाल कटवाने के बाद जैसे ही वह सैलून से निकलने लगा तो अचानक गिर गया और दरवाजे से टकरा गया। जिससे कि दरवाजे में लगा शीशा टूट गया और कांच ललित के गले में लग गया। जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सिविल अस्पताल कुनिहार ले जाया गया।
जहां पर डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला को रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिविल अस्पताल कुनिहार डॉ. अरुण शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।