Loading...

सोलन / ग्रामीण आर्थिकी मजबूत बनाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता ,महिलाओं व युवाओं को नए अवसर मिलेंगे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 25 Nov 2025 • 1 Min Read

प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने के लिए अधोसंरचना और स्वंय सहायता समूहों को विशेष बढ़ावा देने पर बल दे रही है। दाड़लाघाट में बहुउद्देशीय भवन के लोकार्पण के बाद विधायक संजय अवस्थी ने योजनाओं और विकास कार्यों की दिशा स्पष्ट की।

सोलन / अर्की

ग्रामीण आर्थिकी को गति देने पर सरकार का फोकस
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत करने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और इस प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

महिला सशक्तिकरण के लिए नई पहलें आगे बढ़ेंगी
विधायक ने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार व स्वरोज़गार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थानों पर दुकानें तैयार की जाएंगी, जिससे महिलाओं को उचित मूल्य और व्यापक बाजार प्राप्त होगा।

किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए MSP की तैयारी
संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य शीघ्र निर्धारित किया जाएगा, ताकि किसानों को बड़े स्तर पर लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास के लिए जिला खनन फाउंडेशन न्यास के तहत प्रथम चरण में 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत कई कार्य प्रगति पर हैं।

शिक्षा में सुधार के लिए डे बोर्डिंग स्कूल बड़ा कदम
विधायक ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। अर्की, दाड़लाघाट और कुनिहार में आगामी सत्र से CBSE पाठ्यक्रम शुरू होगा, जिससे बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मिलेगी।

समारोह में सम्मान और जनसमस्याओं का समाधान
इस अवसर पर ग्राम संघोई के मनसा माता स्वयं सहायता समूह को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। विधायक ने जन समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय प्रतिनिधि, स्वंय सहायता समूहों के सदस्य और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।