सोलन पुलिस ने आभूषण चोरी के मामले में गिरफ्तार किया आरोपी
HNN/ सोलन
जिला सोलन के अर्की उपमंडल की बातल पंचायत में हुई चोरी के मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोपी की पहचान सागर उर्फ गरेवी पुत्र गुरमेल सिंह, निवासी नजद रेलवे स्टेशन पनौली, जिला रोपड़ (पंजाब) के रूप में हुई है।
बता दें आरोपी आदतन अपराधी है और इसके विरुद्ध जिला सोलन के थाना धर्मपुर में 02, पुलिस जिला बद्दी के थाना नालागढ में 03 व रामशहर थाना में 01 और जिला कांगड़ा के देहरा थाना में लूटपाट का 01, कुल 07 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में इस आरोपी ने अपने साथियों के साथ करीब 12 लाख रुपये के गहने व नकदी चुराए थे।
जानकारी के मुताबिक, फरवरी माह से बातल पंचायत के शियुरी गांव में एक महिला के घर में सोने चांदी के करीब 1,88,000 रुपये के गहने चोरी हुए थे। चोरी की इस वारदात की महिला ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी को हिरासत में लिया। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।