सोलन पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चोर को किया गिरफ्तार
एलआईसी कार्यालय सपरून के गेट नंबर 2 के सामने खड़ी गाड़ी पर किया था हाथ साफ
HNN/ सोलन
पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे शातिर चोर मोहन सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मोहन सिंह, निवासी नेपाल वर्तमान में एससीईआरटी कार्यालय रबौण, तहसील व जिला सोलन में रह रहा था।
मामला 2 मार्च 2024 का है। जब अमित कुमार निवासी गांव व डाकघर गलानग तहसील व जिला सोलन ने अपनी गाड़ी एलआईसी कार्यालय सपरून के गेट नंबर 2 के सामने खड़ी की थी। अगली सुबह गाड़ी वहां से गायब पाई गई।
घटना की सूचना पर पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गहन जांच के दौरान कई सीसीटीवी फुटेज, गवाहों, टावर डंप एनालिसिस आदि की मदद से गाड़ी को बरामद किया और मोहन सिंह को गिरफ्तार किया।
आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। जांच में पाया गया कि मोहन सिंह पहले भी अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में 130 शटरिंग प्लेटों की चोरी का एक मामला दर्ज है, जिनकी कीमत लगभग 2,65,000 रुपये है।
इनमें से 35 प्लेटें बरामद की जा चुकी हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के जिला जलौन के थाना कैलिया में भी उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एक मामला दर्ज है। मामले की जांच जारी है और पुलिस की टीम अन्य संलिप्त अपराधियों की तलाश कर रही है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी गौरव सिंह ने की है।