स्कूलों में साढ़े पांच वर्ष की आयु के बच्चे को मिलेगा पहली कक्षा में दाखिला, आदेश जारी
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब साढे़ 5 वर्ष की आयु के बच्चे को पहली कक्षा में दाखिला मिलेगा। प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में पहली कक्षा में दाखिले के लिए आयु में 6 माह की छूट प्रदान की है।
इस संबंध में शुक्रवार को विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह छूट केवल इसी शैक्षणिक सत्र में दी गई है। आदेशों के अनुसार 30 सितम्बर, 2024 तक 6 वर्ष की आयु पूरा करने वाले बच्चों को इस शैक्षणिक सत्र में पहली कक्षा में प्रवेश की अनुमति होगी।
इसके अलावा तीन वर्ष की आयु से अधिक बच्चों को नर्सरी, चार साल से अधिक आयु पर एलकेजी और पांच वर्ष से अधिक आयु होने पर यूकेजी में दाखिले दिए जाएंगे। वहीं शैक्षणिक सत्र 2025-26 में एक अप्रैल को छह वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों को ही पहली कक्षा में दाखिला दिया जाएगा।