Loading...

स्कूल बंद कर रही सरकार, भविष्य नहीं बना सकती: विनोद कुमार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 2 Hours Ago • 1 Min Read

प्रदेश में स्कूल बंद करने और स्कूलों के विलय के फैसले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विनोद कुमार ने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्कूल बंद करने की नीति को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

सिरमौर

प्रदेश में 20 सरकारी स्कूल बंद करने और 73 स्कूलों के विलय के फैसले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विनोद कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय उसे समाप्त करने के अभियान पर चल रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में 2000 से अधिक शैक्षणिक और अन्य जनहित संस्थानों को बंद कर प्रदेश के विकास की रीढ़ पर प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को नए स्कूल, कॉलेज और संस्थान खोलने चाहिए थे, वह लगातार ताले लगाने का काम कर रही है।

विनोद कुमार ने कहा कि दूरदराज, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। पहले स्कूल बंद किए गए, फिर कॉलेजों के विलय और बंद करने के आदेश जारी हुए और अब एक बार फिर स्कूलों को बंद और मर्ज करने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है।उन्होंने कहा कि सरकार छात्र संख्या कम होने का तर्क देकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है। यदि स्कूलों में छात्र संख्या घटी है तो इसके लिए सरकार की शिक्षा नीतियां जिम्मेदार हैं। सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों के रिक्त पद भरने और सुविधाएं बढ़ाने के बजाय संस्थानों को बंद करने का रास्ता अपना रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि इस निर्णय का सबसे ज्यादा असर गरीब, किसान, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के बच्चों पर पड़ेगा। छोटे बच्चों को अब अधिक दूरी तय कर स्कूल जाना होगा, जिससे पढ़ाई छोड़ने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। कई परिवारों के लिए बच्चों की शिक्षा जारी रखना भी चुनौती बन जाएगा।विनोद कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार की शिक्षा नीतियां सफल हैं तो फिर तीन वर्षों में 1350 से अधिक स्कूलों को बंद अथवा मर्ज करने की नौबत क्यों आई। यह स्वयं सरकार की नीतियों की विफलता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस सरकार विकास के नाम पर केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि धरातल पर स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य संस्थान और अन्य जनहित सुविधाओं को बंद किया जा रहा है। यह सरकार शिक्षा, युवा और ग्रामीण हितों के खिलाफ काम कर रही है।विनोद कुमार ने कहा कि भाजपा प्रदेशभर में इस फैसले का विरोध करेगी और सरकार से मांग करती है कि स्कूलों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की नीति तत्काल वापस ली जाए। उन्होंने कहा कि संस्थानों पर ताले लगाकर प्रदेश का भविष्य नहीं बनाया जा सकता और जनता इस शिक्षा विरोधी सोच का जवाब समय आने पर जरूर देगी।