Loading...

स्ट्रांग रूम के बाहर तंबू गाड़ कर ईवीएम की सुरक्षा कर रही कांग्रेस

SAPNA THAKUR • 25 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ ऊना

जिला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्ट्रांग रूम के बाहर डेरा डाल कर ईवीएम मशीनों की सुरक्षा करनी शुरू कर दी है। ईवीएम मशीनों के साथ किसी तरह की कोई छेड़छाड़ ना हो इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह कदम उठाया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा इन ईवीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर सकती है इसलिए उन्होंने स्ट्रांग रूम के बाहर डेरा जमाया है। बता दे, विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी में ईवीएम मशीनों को सील करके रखा गया है।

इतना ही नहीं इन स्ट्रांग रूम के बाहर जवानों का भी कड़ा पहरा है और सीसीटीवी कैमरे से भी हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बावजूद इसके कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ का अंदेशा बना हुआ है। इसी के चलते विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम के बाहर तंबू गाड़ दिया है।

कांग्रेस कार्यकर्ता आठ दिसंबर को होने वाली मतगणना तक यहां बारी-बारी पहरा देकर स्ट्रांग रूम पर नजर रखेंगे। विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी की ईवीएम को महाराणा प्रताप डिग्री कालेज अंब परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया है। यहां से सुदर्शन बबलू कांग्रेस प्रत्याशी हैं।

8 दिसंबर को होनी है मतगणना
प्रदेश में 8 दिसंबर को मतगणना होनी है। ऐसे में कांग्रेस नेता स्ट्रांग रूम के बाहर 8 दिसंबर तक डेरा डाले रखेंगे, जबकि इलेक्शन कमीशन का दावा है कि सभी ईवीएम कड़ी सुरक्षा में रखी गई है। इनसे छेड़छाड़ संभव नहीं है। थ्री लेयर सुरक्षा के साथ साथ स्ट्रांग रूम के भीतर व बाहर सीसीटीवी लगाकर निगरानी की जा रही है।