Loading...
una

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत नगर निगम ऊना की पहल, अब हर महीने तीन बार घर-घर से एकत्र होगा ई-वेस्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Oct 2025 • 1 Min Read

नगर निगम ऊना ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ई-वेस्ट प्रबंधन को लेकर नई व्यवस्था शुरू की है। अब हर माह की 10, 20 और 30 तारीख को घर-घर जाकर इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्र किया जाएगा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

नगर निगम ऊना की नई पहल
नगर निगम ऊना ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक माह की 10, 20 और 30 तारीख को घर-घर जाकर ई-वेस्ट संग्रहण की व्यवस्था शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य ऊना शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाना तथा इलेक्ट्रॉनिक कचरे के वैज्ञानिक निपटान को सुनिश्चित करना है।

सुरक्षित निस्तारण का लक्ष्य
नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि इस पहल से नगर निगम क्षेत्र में पड़े अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित रूप से निस्तारित किया जाएगा ताकि वे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित न हों। उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और संस्थानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने घरों या दुकानों में पड़े पुराने उपकरण निगम के अधिकृत सफाई कर्मियों को सौंपें।

ई-वेस्ट में शामिल उपकरण
संयुक्त आयुक्त ने बताया कि ई-वेस्ट में पुराने मोबाइल फोन, चार्जर, हेडफोन, एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट, सीएफएल, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, टीवी, रेडियो, डीवीडी प्लेयर, मिक्सी, इस्त्री समेत सभी अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।

स्वच्छ ऊना – स्वस्थ ऊना का संकल्प
उन्होंने कहा कि इस पहल से शहर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, अनियंत्रित कचरा फेंकने की प्रवृत्ति घटेगी और पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। उन्होंने नागरिकों से “स्वच्छ ऊना – स्वस्थ ऊना” के इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।