हरिपुर रोड पर मिला लापता नौ वर्षीय यंश, परिजनों ने ली राहत की सांस
HNN / सोलन
जिला सोलन में पुलिस ने आख़िरकार नौ वर्षीय यंश को ढूढ़ निकाला है और उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। बता दे कि कृष्णा देवी जिला बलिया ने रविवार को पुलिस थाने में अपने बेटे के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस को दी शिकायत में कृष्णा देवी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ माजरा में स्थित एक किराए के मकान में रहती है। शनिवार को उसका 9 वर्षीय बेटा यंश सुबह स्कूल गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
उन्होंने स्कूल में फोन किया तो पता चला कि यंश स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्कूल से निकल गया था। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर बेटे की हर जगह तलाश की लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद बीते कल यानी रविवार को परिजनों ने बेटे के गुमशुदा होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस की टीम ने यंश की हर जगह तलाश की।
इसी बीच पुलिस को जंगल से हरिपुर जा रहे रास्ते में यंश मिला। इसके बाद पुलिस यश को अपने साथ थाने ले गई और परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन थाने पहुंचे और अपने बेटे को देख भावुक हो गए। थाना प्रभारी कृष्णा ने बच्चे के मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बच्चे को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।