Loading...

हलाँ स्कूल में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर संपन्न

Ankita • 28 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिलाई

जिला सिरमौर के अंतर्गत शहीद कल्याण सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हलाँ में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हो गया है। कार्यक्रम अधिकारी रामभज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना सात दिवसीय विशेष शिविर में हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव, हलाँ विद्यालय से निकले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (आईएएस) यशपाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

जबकि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य मीडिया प्रभारी राय सिंह रावत तथा समाजसेवी रमेश शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य रणदीप खाजटा विशेष अतिथि रहे। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यशपाल शर्मा ने शिविर में भाग ले रहे स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए बताया कि कोई भी कार्य असंभव नहीं होता, यदि आपमें कुछ कर गुजरने की क्षमता हो।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई आप सरकारी विद्यालयों से करें या निजी विद्यालयों से, परंतु आपको अपने गुरुजनों से सदैव अच्छा मार्गदर्शन मिलना चाहिए। यशपाल शर्मा ने स्वयंसेवकों के साथ अपना विद्यार्थी जीवन सांझा किया, उनका कहना था कि यदि आपके साथ आपके माता-पिता एवं गुरुजनों का आशीर्वाद साथ हैं तो मंजिल मिल ही जाती है। परंतु विद्यार्थी का कर्तव्य रहता है कि इस सब को पाने के लिए अथक प्रयास जरूरी है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विशन सिंह ने मुख्य अतिथि विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग अध्यापक एवं आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक अनिल पुंडीर द्वारा जो राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान जो आर्ट ऑफ़ लिविंग का प्रशिक्षण दिया गया, उससे हमारे विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं।