संविधान दिवस पर धर्मशाला में अधिकारियों-कर्मचारियों ने जनसेवा और निष्पक्षता की शपथ ली
संविधान दिवस पर धर्मशाला स्थित उपायुक्त कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की मूल भावना के अनुरूप जनसेवा, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा से दायित्व निभाने का संकल्प लिया। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने संविधान की उद्देशिका का पाठ करवाते हुए उन्हें इसके आदर्शों और सिद्धांतों के अनुसार कार्य करने की शपथ दिलाई।

धर्मशाला
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसकी मूल भावना प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान को 26 नवंबर 1949 को औपचारिक रूप से अपनाया गया था। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करते हुए जनसेवा में निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मजबूती का प्रतीक है। इसके आदर्शों ने भारत को प्रभुतासंपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, सहायक आयुक्त विवेक चौहान, एसडीएम मोहित रत्न तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।