हादसे का शिकार हुई एचआरटीसी की बस, सभी यात्री सुरक्षित
HNN/मंडी
जिला मंडी के उपमंडल धर्मपुर में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एचआरटीसी की बस हादसे का शिकार हो गई। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह धर्मपुर वाया मनुधार कमलाह ब्रैहल रूट पर जा रही एचआरटीसी की बस सड़क किनारे नीचे की तरफ लुढ़क गई और बस में सवार करीब 30 से 40 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत यह रही कि सड़क किनारे पेड़ होने की वजह से बस रूक गई और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जिसके बाद बस में सवार स्कूली बच्चों समेत अन्य को चालक की सीट से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही मैकेनिकल स्टॉफ व आरएम धर्मपुर विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। आरएम धर्मपुर विनोद कुमार ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि बस स्किड होने के चलते सड़क के बाहर चली गई थी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया है।